मध्यप्रदेश में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की है। कांग्रेस ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मंत्री विजय शाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की है।
विजय शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि मंत्री विजय शाह का बयान सेना और महिलाओं का अपमान है। उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार कथनी और करनी में अंतर रखती है, क्योंकि एक तरफ वे महिला सुरक्षा की बात करते हैं और दूसरी तरफ अपने ही मंत्री के अपमानजनक व्यवहार पर मौन साधे हुए हैं।
सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल
उमंग सिंघार ने सवाल किया कि जब राज्य सरकार के पास कार्रवाई का अधिकार है, तो मुख्यमंत्री इस मामले में कदम क्यों नहीं उठा रहे हैं। राज्यपाल ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को मामले पर उचित विचार करने और सरकार से चर्चा करने का आश्वासन दिया है।