इंदौर नगर निगम के अधिकारी पर लोकायुक्त का शिकंजा, आय से अधिक संपत्ति मिलने पर हुए निलंबित

Author Picture
By Partho Banarjee Published On: August 15, 2026

इंदौर नगर निगम में पदस्थ सहायक राजस्व अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडेय के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद निगम प्रशासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। लोकायुक्त की टीम ने पांडेय के ठिकानों पर छापेमारी कर उनकी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति का खुलासा किया है, जिसके बाद निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने यह सख्त कदम उठाया है।

आय से 216 प्रतिशत अधिक संपत्ति का खुलासा

जांच में सामने आया है कि 31 वर्षों की सेवा के दौरान पांडेय की कुल आय करीब 80 लाख रुपये थी, जबकि उनके द्वारा किए गए खर्च और निवेश 2.53 करोड़ रुपये से अधिक पाए गए हैं। यह उनकी वैध कमाई से लगभग 216 प्रतिशत अधिक अनुपातहीन संपत्ति का मामला है।

पत्नी के नाम पर करोड़ों के आलीशान भवन

लोकायुक्त की टीम को छापेमारी के दौरान पांडेय की पत्नी के नाम पर इंदौर में दो बहुमंजिला इमारतों की जानकारी मिली है। इन भवनों के निर्माण पर ही करीब 2 करोड़ 11 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसकी विस्तृत जांच अभी जारी है।