नीमच जिले के चिरमीखेड़ा गांव में बंजारा समाज के आराध्य देव श्री रूपसिंह महाराज का बोर्ड उखाड़े जाने के बाद भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इस घटना के विरोध में समाज के लोगों ने अंबेडकर सर्किल से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर नाराजगी
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। समाज ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले को धार्मिक आस्था से खिलवाड़ बताया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
बंजारा रूप सेना संगठन ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और बोर्ड को पुनः ससम्मान स्थापित करने की मांग की है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।