इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन देशी पिस्तौल, एक कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन्होंने ये हथियार कहां से खरीदे थे।
स्कूटी की डिग्गी से बरामद हुआ जखीरा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शादाब खान नाम का युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है। पूछताछ के बाद उसके साथी आरिफ खान को भी पकड़ा गया, जिसकी स्कूटी की डिग्गी से अवैध हथियारों का जखीरा मिला। दोनों के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था, जिसके चलते उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आर्थिक तंगी के चलते बेचने की थी योजना
आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने ये हथियार दो-तीन साल पहले लोगों पर अपना रौब जमाने के लिए खरीदे थे। वर्तमान में आर्थिक तंगी से जूझ रहे आरोपी इन हथियारों को बेचने की फिराक में थे। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं और हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क की तलाश कर रही है।