तेलंगाना के विधायक टी राजा मंगलवार शाम मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने बागेश्वर बालाजी के दर्शन किए और पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए टी राजा ने मौलाना साजिद रशीदी और अखिलेश यादव पर तीखे हमले किए, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
मौलाना रशीदी को नसीहत
टी राजा ने मौलाना साजिद रशीदी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें बयानबाजी के बजाय मदरसों और युवाओं की शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मौलाना रशीदी को सलाह दी कि वे उन लोगों को ज्ञान दें, जो उनके अनुसार गलत रास्ते पर जा रहे हैं। टी राजा ने कुछ गंभीर घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
अखिलेश यादव और सपा पर कटाक्ष
इसके अलावा, टी राजा ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं का सनातन से कोई संबंध नहीं है और वे हिंदू विरोधी ताकतों को बढ़ावा देकर उत्तर प्रदेश का माहौल खराब करना चाहते हैं। उन्होंने झारखंड में युवाओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव से सवाल भी पूछे।