स्कूल संचालक के 34 लाख रुपए ठगे, बाप-बेटे ने दूसरे के प्लाट को बताया अपना, कि फर्जी रजिस्ट्री

Author Picture
By Sharma Published On: June 20, 2021

जबलपुर : जालसाज बाप-बेटे ने मिलकर शहर के एक स्कूल संचालक को 34 लाख रुपए की चपत लगा दी। दोनों ने दूसरे के प्लाट को अपना बात कर फर्जी रजिस्ट्री कर दी। स्कूल संचालक को इसकी खबर लगी तो वह सन्न रह गया। संजीवनी नगर पुलिस ने मामले में आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी व फर्जीवाड़ा का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

संजीवनी नगर पुलिस के मुताबिक धनवंतरी नगर निवासी डॉ. प्रकाश सिन्हा क्षितिज मॉडल स्कूल का संचालन करते हैं। उनके स्कूल से सटे 4400 वर्गफीट का प्लाट है। कुछ समय पहले उन्हें पता चला कि उक्त प्लाट बिकने वाला है। विदिशा निवासी रघुवीर दास बैरागी और विष्णु बैरागी ने डॉक्टर प्रकाश से संपर्क किया। दोनों ने अपना प्लाट बतातते हुए 2018 में अनुबंध किया। 34 लाख रुपए में डील फाइनल हुई। डॉक्टर सिन्हा ने पैसे देकर रजिस्ट्री करा ली।

रजिस्ट्री कराने के बाद डॉ. सिन्हा ने तहसील में नामांतरण के लिए आवेदन लगाया, तब पता चला कि उक्त विक्रेताओं रघुबीर दास और बिष्णु प्रसाद के नाम पर वहां कोई प्लाट ही नहीं है। डॉ. सिन्हा ने दोनों बाप-बेटों से बात की, तो बताया कि उनका प्लाॅट कहीं और है। डॉक्टर सिन्हा वहां गए तो पता चला कि वहां भी कोई पहले से काबिज है। दोनों पिता-पुत्रों ने 1993 में प्लाट लिया है, लेकिन वह कहीं और है। आरोपियों ने कुछ दिनों तक पैसे लौटाने के आश्वासन देते रहे। इसके बाद मोबाइल रिसीव करना बंद कर दिए।