MP के सागर में पकड़ा 4 करोड़ का सोना ,डीआरआई की टीम ने हाईवे पर पकड़ा

Author Picture
By Sharma Published On: May 26, 2021

सागर | छत्तीसगढ़ के दुर्ग से तस्करी कर कार से सागर खपाने लाया जा रहा 8 किलो सोना मंगलवार रात राजस्व खुफिया निदेशालय भोपाल (डीआरआई) की टीम ने एनएच-26 पर पकड़ा है। कार में स्टेपनी की जगह पर सोने काे छिपाकर रखा गया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में 8 किग्रा सोना कीमती करीब 4 करोड़ रुपए जब्त किया है। वहीं कार में सवार चार युवकों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में कार सवार सोने के संबंध में कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। इसके बाद डीआरआई की टीम सोना और युवकों को लेकर भोपाल रवाना हो गई।

सूचना के अनुसार खुफिया राजस्व निदेशालय की टीम को छत्तीसगढ़ के रास्ते बुंदेलखंड में सोने की तस्करी होने की सूचनाएं लगातार मिल रही थी। इस पर विभाग ने टीमों को सक्रिय किया। टीमों ने मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार तस्करी की गतिविधियों पर नजर रखी।

इसी बीच मंगलवार रात छत्तीसगढ़ के दुर्ग से कार की मदद से सागर के लिए सोने की तस्करी होने की सूचना मिली। खबर मिलते ही डीआरआई की तीन सदस्यीय टीम सागर पहुंची। टीम ने गौरझामर से चितौरा तक हाईवे पर वाहनों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान एक कार को रोका। कार की तलाशी ली तो 8 किग्रा सोना बरामद हुआ। सोना स्टेपनी की जगह पर छिपाकर रखा गया था। कार में सवार युवकों से टीम ने सोने के संबंध में पूछताछ की। साथ ही दस्तावेज दिखाने का बोला। लेकिन युवक कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। मामले में डीआरआई की टीम ने सोना जब्त कर युवकों को हिरासत में लिया और भोपाल रवाना हो गई।