बिना मास्क के पकड़े गए शख्स ने चालान देना छोड़ पकड़ा लिया म​हिला कर्मचारी का हाथ,दोनों में हुआ विवाद

Author Picture
By Sharma Published On: March 13, 2021

रायपुर। राजधानी रायपुर में कोरोना को लेकर जमकर लारवाही बरती जा रही है। वहीं इस लापरवाही पर सीनाजोरी भी देखने को मिल रही है। दरअसल आज पंडरी थाना इलाके में सामने आए एक मामले ने हैरान कर दिया। बगैर मास्क के पकड़े गए शख्स ने चालान काटने को लेकर विवाद किया। इस दौरान महिला कर्मचारी का हाथ पकड़कर उसके साथ अभद्रता किया।

जानकरी के अनुसार कोरोना के बढ़ते केस के बाद राजधानी में फिर से मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है। पंडरी थाना इलाके में भी मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ आज चालानी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान उस वक्त जमकर विवाद हो गया जब एक शख्स ने महिला निगमकर्मी का हाथ पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि बगैर मास्क के पकड़े गए शख्स ने खुद को सरकारी कर्मचारी बताते हुए चालान देने से मना कर दिया। वहीं महिला कर्मचारी ने जब बाइक की चाबी जब्त करने की कोशिश की तो शख्स ने महिला का हाथ पकड़ लिया। पंडरी थाना इलाके का यह पूरा मामला है। इस विवाद का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें शख्स खुद को सरकारी कर्मचारी बताते हुए महिला कर्मचारी से विवाद कर रहा है।

राजधानी में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। अगर हालात यही रहे तो रायपुर फिर से हॉटस्पॉट बन सकता है। शुक्रवार को राजधानी में कोरोना के 121 नए केस सामने आए। इससे पहले भी बीते चार दिनों से केस 100 के पार आ रहा है। वहीं दूसरी ओर लोगों में कोरोना का खौफ नजर नहीं आ रहा है। लापरवाही के साथ सीनाजोरी भी कर रहे हैं।