दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी के दोस्त में चांटा मारने के बदले मिली गोली

Author Picture
By Sharma Published On: May 26, 2021

ग्वालियर। शहर में एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारी गई है, जिसके बाद उसे गंभीर घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई है। बताया जाता है ,कि मृतक युवक वरुण अपने परिवार में एकलौता था और आरोपी राहुल शर्मा से भी उसकी जान पहचान थी। मृतक युवक का दो दिन पहले ही शादी के लिए उसका रोका किया गया था। लेकिन रात को दोस्तों के बीच उठने बैठने के दौरान मृतक वरुण का आरोपी के दोस्त सेेे विवाद हो गया और वरुण ने उसे चांटा मार दिया था। जिसकेे बाद रंगदारी दिखाते हुए आज उसकी हत्या कर दी गई। जिससे इलाके मेंं सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार थाटीपुर थाना क्षेत्र में दर्पण कॉलोनी इलाके में रहने वाले वरुण सिकरवार की उसी के हम प्याले राहुल शर्मा ने गोली मारकर हत्या कर दी है। हत्या के पीछे की जो वजह निकल कर सामने आई है। उसके मुताबिक कल रात खाने-पीने के दौरान मृतक वरुण ने राहुल शर्मा के किसी दोस्त में चांटा मार दिया था।

उस समय तो दूसरे दोस्तों ने दोनों को समझा-बुझाकर घर रवाना कर दिया था। लेकिन आरोपी राहुल शर्मा इस बात से बेहद नाराज हो गया। जिसके बाद आज बुधवार को उसका सामना वरुण से हुआ, तो उसने दिनदहाड़े गोली मार दी और फरार हो गया। आरोपी राहुल शर्मा ने मृतक वरुण सिकरवार पर 2 गोलियां चलाई थी। जिसमें से एक वरुण के गले को चीरते हुए पीठ से निकल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन देर हो चुकी थी। डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। फिलहाल दिनदहाड़े हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड पर पुलिस ने आरोपी राहुल शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।