चुनाव प्रचार के थमते ही बदमाशों का तांडव, ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन घायल

Author Picture
By Desk Input Published On: November 12, 2024

श्योपुर। श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की वोटिंग से एक दिन पहले फायरिंग हुई। बाइक से आए 9 बदमाशों ने आदिवासी लोगों को धमकाया। फायरिंग में दो लोग घायल हो गए हैं। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। गांव वालों ने एक आरोपी को बंदूक के साथ पकड़ लिया। उसकी पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद थाने पर भाजपा और कांग्रेस के लोग इकट्‌ठा हो गए। वारदात सोमवार रात 12 बजे ढोढर थाना क्षेत्र के धनाचया गांव की है।

कांग्रेस ने इसे लेकर भाजपा पर अराजकता फैलाने और गुंडागर्दी का आरोप लगाया है। बता दें कि विजयपुर में आचार संहिता लागू है। सोमवार शाम 5 बजे ही चुनाव प्रचार थमा है। यहां 13 नवंबर को वोटिंग होनी है। हमले में घायल प्रकाश और हरविलास आदिवासी ने बताया कि रात में कुछ लोग बाइक से आए थे। सभी के हाथ में बंदूक थी। आते ही उन्होंने गाली गलौज शुरू कर दी। मना किया तो ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे।

सूचना पर एसडीओपी राजीव कुमार गुप्ता पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। अन्य आरोपियों की तलाश में टीमों को रवाना किया। श्योपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अतुल सिंह चौहान का कहना है कि भाजपा के लोग अराजकता फैलाकर गुंडागर्दी की राजनीति करना चाहते हैं। गरीब आदिवासियों पर इस तरह फायरिंग ओछी मानसिकता को दर्शाती है। प्रशासन और पुलिस आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करें, नहीं तो कांग्रेस आदिवासियों के साथ लड़ाई लड़ेगी।

विजयपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले प्रशासन और पुलिस ने जिलेभर के सभी शस्त्र लाइसेंस थानों में जमा कर लिए हैं। इसके बावजूद आरोपी बंदूक लेकर गांव में पहुंचे। कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब लाइसेंस जमा हो गए थे तो फिर हथियार कहां से आए? विजयपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में भले ही बीजेपी विकास और कांग्रेस गद्दार के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है, मगर जातिगत समीकरण चुनाव पर हावी है। कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा के समर्थन में आदिवासी और कुशवाह समाज के लोग लामबंद दिखाई दे रहे हैं।