रेंजर ने ट्रैक्टर छोड़ने के लिए मांगी रिश्वत, लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा

Author Picture
By Sharma Published On: April 4, 2022

शहडोल।लोकायुक्त पुलिस द्वारा जयसिंहनगर के रेंजर महेंद्र यादव को 50 हजार की रिश्वत मांगते पकड़ा गया है। बताया गया है कि जयसिंह नगर रेंज के रेंजर महेंद्र यादव द्वारा अवैध रेत में पकड़े गए एक ट्रैक्टर को छोड़ने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। इसकी शिकायत पर लोकायुक्त रीवा के पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम गठित की गई और सोमवार पहुंचकर लोकायुक्त टीम द्वारा रिश्वत मामले पर कार्रवाई की गई

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह धाकड़ ने बताया कि अभी कार्रवाई चल रही है। रेंजर रिश्वत मांग रहा था और लेने की तैयारी में था उसी समय कार्रवाई हो गई है। यह भी जानकारी दी गई है कि ट्रैक्टर मालिक वन विभाग का एक कर्मचारी ही है जिसका ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया था।

इसी तरह के कुछ अन्य ट्रैक्टर भी पकड़े गए हैं। शिकायत यह भी है कि रेंजर महेंद्र यादव द्वारा जहां एक और अवैध वन कटाई को बढ़ावा दिया जा रहा था वहीं दूसरी ओर फर्जी बिल बनाकर अपने विभाग पर लाखों रुपये का नुकसान किया जा रहा है। आरोपित रेंजर ट्रेनिंग पीरियड में है।