भाजपा को लगा बड़ा झटका, शिवसेना में शामिल हुए भाजपा के 27 पार्षद

Author Picture
By Sharma Published On: March 19, 2021

महाराष्ट्र। शिवसेना ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को बड़ा झटका दिया है। जलगांव नगर पालिका में बीजेपी खेमे के 27 निगम पार्षद पाला बदलकर शिवसेना के साथ चले गए हैं। इसके साथ ही यहां शिवसेना का कब्जा हो गया है। गुरुवार को मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव हुए थे। दोनों ही पदों पर शिवसेना ने विजयी पताका लहराया है। सांगली-मिरज-कुपवाड़ नागर पालिका हाथ से जाने के बाद यह बीजेपी के लिए दूसरा बड़ा झटका है। सांगली में राकांपा-कांग्रेस गठबंधन को जीत मिली है। जलगांव के वरिष्ठ भाजपा नेता गिरीश महाजन का इस क्षेत्र में और नगरपालिका पर कब्जा था।

2018 के निकाय चुनाव में, भाजपा ने 75 में से 57 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया था। जबकि शिवसेना को सिर्फ 13 सीटें मिली थीं। 27 पार्षदों के साथ छोड़ने के बाद बीजेपी यहां अल्पमत में आ गई और शिवसेना की ताकत बढ़कर 40 पार्षदों की हो गई।  मेयर चुनाव में निर्दलीय पार्षदों ने भी शिवसेना को अपना समर्थन दिया।पाटिल ने कहा, “बीजेपी ने इन पार्षदों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। उनके नेता अपने पार्षदों के नाम तक नहीं जानते थे इसलिए इनमें नाखुशी बढ़ रही थी। वे पार्टी अध्यक्ष और एकनाथ शिंदे के संपर्क में थे। इसलिए आज हमारे पास इस निगम में हमारा भगवा झंडा है।