इस नगर निगम के भाजपा महापौर ने दिया इस्तीफा, जानिए इस्तीफे की वजह  

Author Picture
By Sharma Published On: December 22, 2020

नागपुर, नागपुर के महापौर संदीप जोशी ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि भाजपा के वरिष्ठ पार्षद दयाशंकर तिवारी शेष 13 महीने के लिये अगले महापौर की जिम्मेदारी संभालेंगे। जोशी ने नागपुर नगर निगम आयुक्त राधाकृष्णन बी को अपना इस्तीफा सौंपा।

सूत्रों ने बताया कि महापौर के पद पर नंदा जिचकर का ढाई साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद भाजपा ने बाकी 26 महीनों के कार्यकाल को जोशी और तिवारी के बीच में बांटा था। जोशी ने 19 नवंबर, 2019 को महापौर पद का कार्यभार संभाला था।

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जोशी ने जनता की सेवा करने का अवसर देने के लिए भाजपा का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के वरिष्ठ पार्षद शेष 13 महीने के लिये अगले महापौर की जिम्मेदारी संभालेंगे।’’ जोशी ने हाल में नागपुर संभाग के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव भाजपा के उम्मीदवार के रूप में लड़ा था लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी। वह कांग्रेस के अभिजीत वंजारी से हार गए थे।