MP में हुई भाजपा कार्यसमिति की बैठक शुरू, कई बडे नेता हुए शामिल 

Author Picture
By Sharma Published On: June 24, 2021

भोपाल : भोपाल में भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार सुबह प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हो गई है। सीएम शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी पी. मुरलीधर राव, सह संगठन महामंत्री सुहास भगत सहित अन्य बड़े नेता इसमें शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दोपहर 12:30 बजे प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करेंगे। यहां कोरोना काल में सरकार द्वारा किए गए कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में विष्णु दत्त शर्मा की नियुक्ति के बाद प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक है। जिसमें कोरोना काल में दिवंगत नेताओं और जनता को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक प्रस्ताव लाया जा रहा है। पहले सत्र में शर्मा का संबोधन होगा। फिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का संबोधन होगा।

दूसरे सत्र में राजनीतिक प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके तहत देश व प्रदेश के राजनीतिक परिदृश्य, भाजपा और विपक्षी दल पर चर्चा होगी। अगले सत्रों में कोरोना काल में केंद्र और राज्य सरकार और संगठन ने क्या किया, उस पर बात होगी। दिल्ली से बैठक में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, थावरचंद गेहलोत, प्रहलाद पटेल, धर्मेन्द्र प्रधान, फग्गन सिंह कुलस्ते, राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय आनलाइन जुड़े।