एमपी में प्रॉपर्टी खरीदना सबसे महंगा, देश में सबसे ज्यादा स्टाम्प ड्यूटी

Author Picture
By MPSAMACHAR Published On: August 12, 2024

भोपाल: मध्य प्रदेश में स्टाम्प ड्यूटी की ऊंची दरों के कारण यहां प्रॉपर्टी खरीदना देश में सबसे महंगा है। पूरे देश में सबसे ज्यादा 9.5% स्टाम्प ड्यूटी मध्य प्रदेश में ही लागू होती है। इसके अलावा, 3% रजिस्ट्रेशन चार्ज भी जोड़ने से प्रॉपर्टी की खरीदारी पर बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है। हालांकि, महिलाओं के नाम पर प्रॉपर्टी खरीदने पर 2% की छूट मिलती है, जिससे अब अधिकतर प्रॉपर्टी सौदे महिलाओं के नाम पर हो रहे हैं।

दैनिक भास्कर ने देशभर में स्टाम्प ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस की तुलना की। सिक्किम में मूल निवासियों के लिए प्रॉपर्टी खरीदने पर सिर्फ 1% स्टाम्प ड्यूटी लगती है, जबकि बाहर की कंपनी या संस्था के लिए भी यही दर लागू होती है। हालांकि, रजिस्ट्रेशन चार्ज यहां 4% के बजाय 9% लिया जाता है। रियल एस्टेट डेवलपर्स का कहना है कि उन्होंने सरकार से कई बार स्टाम्प ड्यूटी कम करने की मांग की है, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उनका मानना है कि ड्यूटी घटाने से सरकार का राजस्व बढ़ेगा और आम आदमी को भी फायदा होगा। राज्यों में स्थिति की बात करें तो, मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान में स्टाम्प ड्यूटी की दरें सबसे ज्यादा हैं।

क्रेडाई मध्य प्रदेश के उपाध्यक्ष और प्रवक्ता मनोज मीक का कहना है कि, मध्य प्रदेश में प्रॉपर्टी खरीद पर लगने वाली स्टाम्प ड्यूटी, शुल्क, कर, और उपकर देश में सबसे ज्यादा हैं, जिससे प्रॉपर्टी खरीदारों के लिए एक बड़ा वित्तीय बोझ बन गया है। साथ ही, कलेक्टर गाइडलाइन वास्तविक बाजार मूल्यों से अधिक होने के कारण खरीदारों को अतिरिक्त वित्तीय दबाव का सामना करना पड़ता है।