चंबल अंचल में ताऊते साइक्लोन की वजह से मौसम में बदलाव, सुबह से हो रही बूंदाबांदी से मौसम हुआ खुशगवार

Author Picture
By Sharma Published On: May 17, 2021

ग्वालियर। शहर के मौसम में अचानक तब्दीली आ गई है। भीषण गर्मी की जगह सुबह से ही मौसम खुशगवार हो गया है। सुबह 10 बजे से बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है इसके पीछे ताउते साइक्लोन को प्रमुख वजह माना जा रहा है। इसका असर आने वाले 3 दिनों तक रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस दौरान तेज हवाएं चलने के साथ ही बारिश भी होगी। यह बारिश 19 मई तक जारी रह सकती है।

दरअसल ताउते साइक्लोन की वजह से ग्वालियर चंबल संभाग सहित देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अंचल में मई-जून के महीने को भीषण गर्मी के लिए जाना जाता है। लेकिन मई के मध्य में मानसून जैसी स्थिति महसूस हो रही है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी है। तेज बारिश तो नहीं हो रही है लेकिन बूंदी से मौसम में ठंडक आ गई है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस सेंटीग्रेड तक रिकॉर्ड किया गया। जबकि कल यानी रविवार को यह 38 डिग्री सेल्सियस था। यह तापमान सामान्य से 9 डिग्री कम है। वही रात के तापमान में भी गिरावट आई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पहले पश्चिमी विक्षोभ और अब ताउते साइक्लोन के असर ने मई में लोगों को मानसून की याद दिला दी है। यह मौसम फिलहाल अगले दो-तीन दिनों तक बना रह सकता है इसके बाद मई के अंतिम सप्ताह में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा ऐसी संभावना जताई जा रही है।