पेट्रोल टैंकर और ट्राले के बीच टक्कर, दर्दनाक दुर्घटना में एक की मौत, एक घायल

Author Picture
By Desk Input Published On: November 24, 2024

सागर। जिले के नरयावली थाना क्षेत्र में सागर-बीना सड़क मार्ग पर स्थित ग्राम जेरई के पास एक भयंकर सड़क हादसा हुआ। तेज गति से आ रहे सीमेंट से भरे ट्राले और पेट्रोल टैंकर के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में टैंकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।

हादसे के बाद सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत नरयावली थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भेजा और मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सागर भेज दिया।

नरयावली पुलिस के अनुसार, हादसे में जेरई निवासी टैंकर चालक छोटू उर्फ अंकित यादव की मौत हो गई, जबकि आशीष राजपूत नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा मोटरसाइकिल चालक को बचाने के प्रयास में हुआ। इस दौरान ट्राला और टैंकर की टक्कर हो गई, जिससे बाइक सड़क से गिर गई। हादसा उस समय हुआ जब टैंकर सागर से खाली होकर नरयावली की ओर लौट रहा था और सीमेंट से भरा ट्राला नरयावली से आ रहा था। दोनों वाहन जेरई फाटक के पास टकरा गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।