दमोह उपचुनाव में तीसरे राउंड के बाद 1815 वोटों से आगे कांग्रेस अजय टंडन

Author Picture
By Sharma Published On: May 2, 2021

दमोह उपचुनाव की मतगणना रविवार को पॉलीटेक्निक कॉलेज में सुबह 8 बजे से शुरू हो गई। कांग्रेस ने शुरुआती बढ़त बना ली है। मतगणना 26 राउंड में होगी और दोपहर 1 बजे बाद तक स्थिति साफ हो सकती है। यहां दमोह में दो महिलाओं समेत 22 प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां बीजेपी की तरफ से राहुल सिंह लोधी और कांग्रेस की तरफ से अजय टंडन चुनाव मैदान में हैं। टंडन फिलहाल आगे हैं। सुबह करीब 11:20 बजे तीसरे राउंड में ईवीएम की गिनती में भाजपा के मुकाबले कांग्रेस के अजय टंडन 1815 वोट से आगे चल रहे हैं। तीसरे राउंड में भाजपा को 6798 और कांग्रेस को 8613 मत मिले हैँ।

सुबह 11 बजे तक जिन ग्रामीण क्षेत्रों में गिनती हुई, वहां पिछड़ने से भाजपा की टेंशन बढ़ गई है। शहरी क्षेत्र में पहले से ही कैंडिडेट राहुलसिंह का विरोध सुर्खियों में रहा है। सुबह 10:45 बजे ईवीएम की गिनती में दूसरे राउंड के बाद कांग्रेस के अजय टंडन 1480 वोटों से आगे चल रहे हैं। पहले राउंड में 700 मतों से आगे थे। अब दूसरे राउंड में 780 मतों की बढ़त ले ली है। इसमें पोस्टल बैलट शामिल नहीं है। स्ट्रांग रूम में प्रेक्षक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और तमाम निर्वाचन संबंधित अधिकारी, प्रत्याशी और उनके एजेंट मौजूद हैं। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क, थर्मल स्क्रीनिंग की गई। पुलिस अधीक्षक हेमंत चौहान के निर्देशन में पुलिस व्यवस्था तैनात है।