एमपी में घुलने लगी ठंडक,पचमढ़ी का पारा सबसे ज्यादा गिरा…

Author Picture
By Sharma Published On: November 7, 2021

भोपाल। हिमालय से ठंडी हवा आने के कारण मध्यप्रदेश में रात के पारे में गिरावट हुई है। सबसे ज्यादा कम तापमान पचमढ़ी और रायसेन में 9 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि, सबसे ज्यादा तापमान की गिरावट खरगोन में 5 डिग्री और भोपाल में 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही। खरगोन में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस और भोपाल में 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। ग्वालियर, जबलपुर और इंदौर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।

 

मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि अभी तीन दिन तक इसी तरह तापमान में गिरावट रहेगी। यानी आने वाली तीन दिन तक रात का पारा और नीचे जाएगा। प्रदेश में लगभग सभी जगह न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री के आसपास आ गया। तापमान कम होने से नवंबर में कुछ जगहों पर बारिश की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है।

 

ठंडी हवा के कारण सबसे ज्यादा तापमान पहाड़ी और वन क्षेत्र में गिरे हैं। इसी कारण पचमढ़ी और रायसेन में रात का पारा 9 डिग्री तक आ गया। पचमढ़ी में सबसे कम 9 और रायसेन में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। उमरिया और मंडला में भी यह 11 के नीचे तक पहुंच गया। मौसम विभाग की माने तो अगले दो तीन दिन में 2 से लेकर 3 डिग्री तक तापमान नीचे आएगा। पचमढ़ी और रायसेन में 6 डिग्री तक तापमान हो सकता है।