डॉ. पुष्पेंद्र सिंह यादव डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की मानद उपाधि से सम्मानित

Author Picture
By Sharma Published On: October 9, 2024

जबलपुर: जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय (JNKVV) के 17वें दीक्षांत समारोह में डॉ. पुष्पेंद्र सिंह यादव को विद्या वाचस्पति (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी) की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। इस महत्वपूर्ण समारोह में राज्यपाल और कुलाधिपति मंगू भाई पटेल मुख्य अतिथि रहे, जबकि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. पी.के. मिश्रा, कृषि मंत्री श्री येदल सिंह कंसाना, पशुपालन मंत्री श्री लखन पटेल, और विश्वविद्यालय प्रबंध मंडल के सदस्य भी उपस्थित थे।

डॉ. पुष्पेंद्र यादव ने अपनी इस डॉक्टरेट की उपाधि को अपनी दिवंगत माता श्रीमती यशोदा यादव को समर्पित किया। उन्होंने अपने बड़े भाई श्री भारत सिंह यादव को प्रेरणा और त्याग का मुख्य आधार बताते हुए आभार व्यक्त किया। डॉ. यादव ने कहा, “मेरी यह उपलब्धि उन सभी ग्रामीण बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो संसाधनों की कमी को अपनी प्रगति में बाधा मानते हैं। मेरा मानना है कि किसी भी लक्ष्य को पाने के लिए दृढ़ संकल्प और इच्छा शक्ति जरूरी है। एक छोटा बीज भी तभी विशाल वृक्ष बनता है, जब वह धरती के नीचे गड़ा रहता है और अपने अस्तित्व को समाप्त करने के लिए तैयार रहता है।”

इस उपाधि को ग्रहण करने के साथ ही डॉ. यादव ने विद्या वाचस्पति की शपथ भी ली।