Farmers Protest MP ;मध्य प्रदेश में किसानों के साथ सड़कों पर उतरे कांग्रेस नेता

Author Picture
By Sharma Published On: February 6, 2021
farmers protest mp

नए कृषि कानून के विरोध में बुलाए गए चक्काजाम का असर मध्य प्रदेश अलग-अलग इलाकों में ग्वालियर-चंबल अंचल के श्योपुर में ही ज्यादा दिखा। यहां श्योपुर-कोटा राजस्थान हाइवे और श्योपुर-पाली सवाईमाधौपुर हाइवे पर किसानों के साथ कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकार्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। उधर ग्वालियर में बड़ागांव हाइवे पर भी चक्काजाम देखने को मिला।

ग्वालियर : बड़ागांव हाइवे पर कृषि बिल के विरोधी में चक्काजाम

 

दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के विरोध में बीना शनिवार को सैकड़ों किसानों ने विरोध प्रदर्शन कर चक्का जाम करने का प्रयास किया। किसान नेता इंदर सिंह ने कहा कि लगभग 70 दिनों से किसान कृषि सुधार बिल वापस लेने की मांग लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार किसानों की मांग मानने तैयार नहीं है। किसानों ने कहा कि यह सिर्फ सांकेतिक आंदोलन है, यदि बिल वापस नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में पूरा शहर बंद कर चक्का जाम किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों में आम्बेडकर तिराहे पर चक्का जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई की चेतावनी देते हुए चक्का जाम करने से रोक दिया। बावजूद इसके किसान सड़क पर बैठ गए। जिससे कुछ हद तक जाम की स्थिति बनी रही।

 

शहडोल में कृषि कानून के विरोध में कांग्रेस का चक्का जाम

केंद्र सरकार के कृषि सुधार कानून के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने चक्का जाम किया है। शनिवार को सुबह 11 बजे से शहडोल जिला मुख्यालय के भूसा तिराहे में कांग्रेस के कार्यकर्ता इकट्ठे होने लगे थे और 12 बजे यहां चक्का जाम की स्थिति बन गई। भूसा तिराहे में चक्का जाम चलता रहा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष आजाद बहादुर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ता कृषि सुधार कानून का विरोध कर रहे हैं और इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन जारी है भारी पुलिस बल तैनात है। वाहनों को डाइवर्ट किया जा रहा है ताकि किसी तरह की कोई परेशानी आने जाने वालों को ना हो।

राजगढ़ में कांग्रेस नेताओं को लिया हिरासत में

राजगढ़ जिले में चक्काजाम व धरना प्रदर्शन के दौरान सुठालिया में कुछ कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद इन्हें थाने से जमानत पर रिहा कर दिया गया। जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यालय के बाहर धरना जारी रहा, इसके साथ ही जीरापुर में धरना प्रदर्शन हुआ।

रतलाम हाईवे से लगे सेजावता मार्ग पर धरने पर बैठे कांग्रेसी

कृषि बिलों के विरोध में रतला में कांग्रेस द्वारा महू नीमच हाईवे के सेजावता फंटे पर चक्का जाम करने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां चक्का जाम नहीं करने दिया। इस पर कांग्रेसी हाईवे से लगे ग्राम सेजावता की तरफ जाने वाले मार्ग पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करते रहे। चक्काजाम के चलते पहले से ही सेजावता फंटे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। दोपहर करीब 12 बजे किसान नेता डीपी धाकड़ व राजेश पुरोहित अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और जाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें जाम नहीं करने की समझाइश दी। इसके बाद वे सेजावता की तरफ जाने वाले मार्ग पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करते रहे। पुलिस ने उन्हें एक तरफ बैठाया और मार्ग पर आवाजाही चालू करवाई। उधर सालाखेड़ी फंटे के पास झाबुआ रोड पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया के नेतृत्व में चक्काजाम किया गया। कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हुआ। पुलिस ने आंदोलनकारियों को एक तरफ कर यातायात चालू कराया तो कांग्रेसी नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे।