पूर्व CM कमलनाथ बन सकते हैं, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष 

Author Picture
By Sharma Published On: July 15, 2021

नई दिल्‍ली। कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चा जोरों पर है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मध्‍य प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री कमलनाथ को पार्टी कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्‍मेदारी मिल सकती है।

कांग्रेस नेता राहुल गाँधी के अध्‍यक्ष पद संभालने से इनकार करने और सोनिया गांधी की सेहत ठीक न रहने के कारण पार्टी ने अब एक बार फिर कार्यकारी अध्यक्ष चुनने का फैसला किया है। पिछले कई चुनावों में कांग्रेस ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसके बाद से पार्टी लगातार अध्यक्ष पद को लेकर मंथन कर रही है।

कई बार अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भी बात की जा चुकी है। फिलहाल जब तक पार्टी को अध्यक्ष नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति करना चाहती है। यही कारण हैं कि कांग्रेस पार्टी ने अपने सबसे वफादार और वरिष्‍ठ नेताओं में से एक कमलनाथ को पार्टी का कार्यकारी अध्‍यक्ष नियुक्‍त करने की बात सोची है।