पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नई पार्टी को लेकर किया ये बड़ा ऐलान

Author Picture
By Sharma Published On: October 27, 2021

पंजाब। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस के खफा होने के बाद आखिरकार आज नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। मीडिया से बात करते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आज कहा कि मैं एक पार्टी बना रहा हूं। अब सवाल ये है कि पार्टी का नाम क्या है, ये मैं आपको नहीं बता सकता क्योंकि ये मैं खुद नहीं जानता। जब चुनाव आयोग पार्टी के नाम और चिन्ह को मंजूर करता है, मैं आपको बता दूंगा। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि सुरक्षा उपायों को लेकर जो मेरा मखौल उड़ाते हैं, मैं 10 साल सेना में रहा हूं। दूसरी तरफ मैं 9.5 साल पंजाब का गृह मंत्री रहा और संवेदनशील मुद्दे मेरे अधीन थे। जो एक महीने गृह मंत्री रहा वो कहता है कि वो मुझसे ज़्यादा जानता है। कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा नई पार्टी बनाने का ऐलान करने के बाद से ही पंजाब में विशेषकर चंडीगढ़ में सुबह से ही राजनीतिक हड़कंप मच गया है।

 

सूत्रों ने बताया कि उनकी नई पार्टी के नाम में कांग्रेस शब्द जरूर होगा। उनकी रणनीति राज्य में कांग्रेस की जगह अपनी पार्टी बनाने की होगी। कांग्रेस में अंदरुनी कलह के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बीते दिनों अपनी खुद की पार्टी बनाने की बात कही थी। साथ ही इस संबंध में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल से अलग हुए गुटों से गठबंधन करने की बात कही थी। बीजेपी से गठबंधन के लिए उन्होंने कृषि कानून के मुद्दे के समाधान और किसान आंदोलन को खत्म करने की शर्त भी रखी थी। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और पंजाब में राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी मुलाकात की थी।

 

कैप्टन अमरिंदर सिंह आज पंजाब की राजनीति में नया दांव चलेंगे और इस ऐलान के साथ ही पंजाब में नए सियासी समीकरण भी बन सकते हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बुधवार सुबह ही अपने करीबी नेताओं और समर्थकों से चर्चा की है, साथ ही कुछ पुराने नेता और कांग्रेस विधायक भी उनके संपर्क में है।