महाकाल मंदिर की सुरक्षा संभालेंगे IAS अधिकारी, जानें पूरी खबर

Author Picture
By Desk Input Published On: February 19, 2025

उज्जैन। महाकाल मंदिर में बिगड़ती व्यवस्था और भस्म आरती में प्रवेश को लेकर बढ़ते विवादों के बीच प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मंदिर प्रबंधन को मजबूत करने के लिए अब दो डिप्टी कलेक्टर, दो नायब तहसीलदार समेत कुल नौ अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इससे पहले एक आईपीएस अधिकारी को मंदिर का प्रशासक बनाया गया था।

मंदिर में व्यवस्था सुधारने की कोशिश

मंदिर प्रबंधन में बदलाव
हाल ही में मंदिर में आग लगने, दीवार गिरने और अवैध वसूली की घटनाओं के बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाई। इन घटनाओं के बाद आईएएस अधिकारी प्रथम कौशिक को मंदिर का प्रशासक नियुक्त किया गया था। अब कलेक्टर कार्यालय के आदेश के तहत डिप्टी कलेक्टर सिम्मी यादव और एसएन सोनी, नायब तहसीलदार हिमांशु कारपेंटर और आशीष पालवड़िया सहित पांच अन्य अधिकारियों को मंदिर प्रबंधन में जिम्मेदारी दी गई है।

सोमवार को सभी अधिकारियों ने मंदिर का दौरा किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर नीरज सिंह ने कहा कि महाकाल लोक निर्माण के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने का निर्णय लिया गया है।

शिवनवरात्रि पर महाकाल का भव्य श्रृंगार
शिवनवरात्रि के तीसरे दिन महाकाल मंदिर में भव्य आयोजन हुआ। बुधवार सुबह चार बजे मंदिर के पट खोले गए और भस्म आरती में भगवान महाकाल का विशेष अभिषेक किया गया। जल, दूध, दही, घी, शक्कर और रस से बने पंचामृत से भगवान का स्नान कराया गया। इसके बाद भांग, चंदन, सूखे मेवे, सिंदूर और आभूषणों से मनमोहक श्रृंगार किया गया।

भस्म आरती में भगवान गणेश, माता पार्वती और कार्तिकेय का पूजन हुआ। भगवान महाकाल को फल-मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया। नंदी हॉल में नंदी जी का विशेष पूजन हुआ। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई, जिसके बाद पूरा मंदिर “जय महाकाल” के जयकारों से गूंज उठा।