मोदी कैबिनेट में सिंधिया समेत इन 27 नेताओं को मिल सकती है मंत्रिमंडल में जगह

Author Picture
By Sharma Published On: June 27, 2021

नई दिल्ली। मोदी कैबिनेट में मिले सकती है इन 27 नेता को जगह । मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में यह पहला कैबिनेट विस्तार होने वाला है। मोदी सरकार में कई मंत्रियों के पद खाली हैं इसलिए माना जा रहा है कि इस बार होने वाले विस्तार में सर्बानंद सोनोवाल, सुशील मोदी समेत करीब 27 नेताओं को मंत्रिमंडल में लिया जा सकता है। हालाकि मंत्रिमंडल के फेरबदल में सोशल इंजीनियरिंग का भी ध्यान रखा जाएगा।

मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं के बीच कई बड़े नेताओं और पूर्व में राज्यों की कमान संभाल चुके कई बड़े नेताओं की भी मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना है। कहा जा रहा है कि असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, मध्यप्रदेश के पूर्व कांग्रेसी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा के संगठन महासचिव भूपेंद्र यादव भी केंद्र सरकार में शामिल हो सकते हैं।

वहीं भाजपा प्रवक्ता जफ़र इस्लाम, सांसद वरुण गांधी, राज्यसभा सांसद अनिल जैन, ओडिशा से सांसद अश्विनी वैष्णव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी, उत्तरप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का नाम भी संभावित नेताओं की सूची में शामिल है। संभव है कि उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा अपनी सहयोगी अपना दल की अनुप्रिया पटेल को भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दे।

वहीं इस बार होने वाले कैबिनेट विस्तार में भाजपा की सहयोगी जदयू को भी शामिल किया जा सकता है। जदयू कोटे से आर सी पी सिंह और संतोष कुमार मंत्री बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा हाल ही में चिराग पासवान को हटाकर लोजपा के संसदीय दल के नेता बने पशुपति पारस भी मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। इस बार के मंत्रिमंडल विस्तार में दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे की बेटी और महाराष्ट्र के बीड से सांसद प्रीतम मुंडे को भी मंत्री बनाया जा सकता है