पूर्व सीएम की एफआईआर एवं महंगाई के विरोध में विधायक ने समर्थकों के साथ दिया धरना

Author Picture
By Sharma Published On: May 31, 2021

ग्वालियर। मध्य प्रदेश सरकार के द्वारा कोरोना संक्रमण से हुई मौतों के आंकड़े छुपाने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पर एफआईआर करने एवं प्रदेश में बढ़ रही महंगाई के विरोध में आज कांग्रेस ने अपने घरों के बाहर बैठकर धरना दिया है।

शहर के पूर्व विधानसभा से विधायक डॉ सतीश सिंह सिकरवार जी भी अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे थे। इस दौरान उनके निवास स्थान ललितपुर कॉलोनी के आसपास के घरों के बाहर उनके समर्थक भी प्रदेश सरकार के विरोध में कुर्सियों व घर के गेट पर बैठकर धरना देकर विरोध जता रहे थे।

महंगाई और पूर्व मुख्यमंत्री की एफआईआर. का विरोध करने सांकेतिक धरने पर बैठे विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार जी ने कहां,कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी के खिलाफ एफआईआर को वापस लिया जाए और महंगाई से परेशान जनता को राहत दी जाए |

क्योंकि जनता पर एक तरफ तो कोरोना ,तो वही दूसरी तरफ महंगाई की मार पड़ रही है। दो तरफा मार से शहर की जनता त्रस्त है। अगर विरोध के बावजूद भी बीजेपी सरकार नहीं जागती है ,तो फिर कांग्रेस आलाकमान के आदेश पर अगला आंदोलन किया जाएगा।