मध्‍य प्रदेश के सेंधवा में गाय और सांड का अनोखा विवाह धूमधाम से हुआ, शादी में बरात भी आई

Author Picture
By Sharma Published On: February 23, 2021
sendhwa cow marriage

सेंधवा । शहर के दावल बैड़ी क्षेत्र में सोमवार को गाय और सांड का अनोखा विवाह धूमधाम से हुआ। इस शादी में बरात आई, मंत्र गूंजे, फेरे हुए।

शहर के दावल बैड़ी क्षेत्र में हुए इस अनोखे विवाह की शहरभर में चर्चा है। मोरे परिवार द्वारा उक्त विवाह में सांड लालू दूल्हा बना। वहीं गौरी नामक गाय को दुल्हन की तरह सजाया गया। इनके विवाह की रस्म को पंडित मुकेश शर्मा द्वारा संपन्ना करवाया गया।

क्षेत्र के विनोद मोरे ने सोमवार को अपनी ही गाय की एक बछड़ी गौरी का विवाह लालू सांड के साथ संपन्ना करवाया। इसमें गाय और सांड को हल्दी और मेहंदी लगाई गई। गाय को चुनरी उड़ाई गई। इसके बाद पंडित ने मंत्रोच्चार के साथ गाय और सांड के फेरे कराए। विनोद मोरे और उनकी पत्नी अलका मोरे द्वारा गाय का कन्यादान किया गया। सैकड़ों लोग इस अनोखे विवाह के साक्षी बने।

विवाह में ढोल-ताशों पर लोगों ने उत्साह से नृत्य भी किया। मोरे परिवार ने आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ी। विवाह के आयोजन में सभी उत्साह के साथ शामिल हुए। पंडित मुकेश शर्मा ने बताया कि गाय और सांड का विवाह पितरों की शांति और वंश वृद्धि के लिए करवाया जाता है। विवाह के पश्चात गाय और सांड दोनों को नगर में छोड़ दिया गया।

एक नजर-

– 70 हजार कुल खर्च आया।

– भोजन में आलू-पनीर की सब्जी, पुरी, दाल-चांवल, पापड़ आदि बनाया।

– 400 लोग विवाह में शामिल हुए।

– 4 घंटे चला पूरा आयोजन।

– 20 हजार का व्यय रसोई पर।