क्लब में देर रात चल रही पार्टी, पुलिस ने की छापेमार कार्रवाई 

Author Picture
By Sharma Published On: July 11, 2021

भोपाल। पुलिस ने रात 12 बजे एमपी नगर जोन-2 के पीचर्स बार पर छापेमार कार्रवाई की है। यहां पर शनिवार देर रात तक बार खोलकर कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया जा रहा था। पुलिस ने बार के मैनेजर और मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है। एमपी नगर पुलिस ने बताया रात 12 बजे जोन-2 के पीचर्स बार खुला होने की जानकारी मिली थी। यहां पर पुलिस की टीम पहुंची, तो बार में शराब के नशे में लड़के-लड़कियां डीजे पर झूम रहे थे। अंदर सोशल डिस्टेसिंग का खुलेआम उल्लंघन हो रहा था। पुलिस के पहुंचने पर कई लोग चुपचाप निकल गए। पुलिस ने बार में मौजूद लोगों की जानकारी लेकर उनको जाने दिया।

इसके साथ ही बार मैनेजर सुमित कुमार और मालिक राहुल दुबे के खिलाफ कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया हैं। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को लेकर सरकार लगातार चिंता जाहिर कर रही है। लोगों को कोविड प्रोटोकाॅल का पालन करने की अपील कर रही है। जिला प्रशासन ने भी अनलॉक में कारोबार शर्तों के साथ कारोबार करने की छूट दी है। इसके बावजूद लोग कोविड प्रोटोकाॅल का पालन करने को लेकर उदासीन और लापरवाह बने हुए हैं।