एमपी की पॉलिटिक्स के विभीषण बने लक्ष्मण सिंह, कांग्रेस भी असमर्थ

Author Picture
By Sharma Published On: September 15, 2024

भोपाल: पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह इन दिनों अपनी ही पार्टी के खिलाफ लगातार हमलावर नजर आ रहे हैं। उनके तीखे बयान और आलोचनाएं कांग्रेस को कमजोर कर रहे हैं। लक्ष्मण सिंह पार्टी और उसके नेताओं की खिंचाई करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। इसके बावजूद, कांग्रेस नेतृत्व उनके खिलाफ कोई ठोस कदम उठाने में असमर्थ दिख रहा है, यहां तक कि उन्हें कोई नोटिस तक नहीं जारी किया गया।

लक्ष्मण सिंह, अपने भाई दिग्विजय सिंह पर भी कई बार खुलकर सवाल उठा चुके हैं। अब उन्होंने प्रदेशभर में कांग्रेस के खिलाफ आवाज बुलंद करने का ऐलान कर दिया है। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कांग्रेस को दिल्ली में बैठे नेता चला रहे हैं, और हम लगातार असफल हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं की कोई नहीं सुनता।” अब देखना है कि कांग्रेस और लक्ष्मण के बीच सुलह होती है या लक्ष्मण इसी तरह पार्टी के विभीषण बने रहते हैं।

सत्संग का असर और राहुल गांधी पर सवाल

हाल के दिनों में एक माननीय पर सत्संग का प्रभाव काफी दिख रहा है। सत्संग का अर्थ है सत्य का साथ, और यह नेता जी अब सत्य की बात करने लगे हैं। तीन साल पहले से सत्संग से जुड़े इस माननीय ने हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने पत्रकारों को बुलाकर आपातकाल के दौरान सिखों पर हुए अत्याचारों की चर्चा की। हालांकि, ये वही नेता हैं जो कुछ समय पहले तक कांग्रेस में सक्रिय थे, और तब उन्हें सिखों पर हुए अत्याचार की याद नहीं आई। लेकिन सत्संग से जुड़ते ही वे पार्टी और उसके नेताओं पर सवाल उठाने लगे हैं।