निगम-मंडल में नियुक्ति की उम्मीद लगाए नेताओं को जल्द मौका, सिंधिया समर्थक भी होंगे एडजस्ट   

Author Picture
By Sharma Published On: June 19, 2021

भोपाल। प्रदेश के निगम मंडल में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का पद पाने की उम्मीद लगाए भाजपा नेताओं को जल्द खुशखबरी मिल सकती है। भाजपा नेतृत्व ने कई पदों के लिए निगम मंडल में नियुक्ति पाने वाले नामों को हरी झंडी दे दी है और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन नामों का ऐलान कभी भी कर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंप सकते हैं। इसमें सभी वर्गों और सबके समर्थकों को साधने का ‘काम किया जाएगा।

निगम मंडल में नियुक्ति को लेकर पिछले कई महीनों से अलग-अलग दौर की बातचीत होने के बाद अब पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व ने कई नामों को फाइनल कर दिया है और माना जा रहा है कि इन्हें जल्दी ही कैबिनेट और राज्यमंत्री के दर्जा वाले पदों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की इसको लेकर केंद्रीय नेतृत्व से हुई चर्चा के बाद अब सहमति बन गई है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ पार्टी के अन्य जिम्मेदार नेताओं के बीच इसको लेकर अलग-अलग नाम पर मंथन के बाद सूची फाइनल किए जाने की बात कही जा रही है। बताया जाता है कि इन नियुक्तियों में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व का सामंजस्य बनाने का भी काम किया गया हैं।

इसके साथ ही राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पिछले दिनों भोपाल आए थे। उनकी इस दौरान प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों से बात हुई थी। दिल्‍ली में केंद्रीय नेताओं के साथ चर्चा के आधार पर यह तय हो गया है कि उनके समर्थक नेताओं को निगम मंडल में एडजस्ट किया जाएगा। इसमें तीन पूर्व मंत्री एदल सिंह कंसाना, इमरती देवी, गिर्राज दंडोतिया के अलावा अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। जिन्होंने कांग्रेस में अपना कद ठीकठाक होने के बाद भी सिंघिया के कहने पर भाजपा ज्वाइन की थी। दूसरी ओर पार्टी के समर्पित नेताओं को भी इन नियुक्तियों में मौका देकर संगठन कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखना चाहता है।