MD Drugs Smuggling: ड्रग्स, हथियार और ब्लैकमेलिंग, भोपाल में चाचा-भतीजा के गिरोह का सनसनीखेज खुलासा

Author Picture
By Sharma Published On: July 24, 2025
MD Drugs Smuggling: ड्रग्स, हथियार और ब्लैकमेलिंग, भोपाल में चाचा-भतीजा के गिरोह का सनसनीखेज खुलासा

MD Drugs Smuggling: भोपाल पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। दरअसल, पांच दिन पहले भोपाल पुलिस ने दो ऐसे तस्करों को गिरफ्तार किया था जो युवाओं को वजन घटाने के नाम पर एमडी ड्रग्स बेचते थे। अब पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दो और ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो आपस में चाचा-भतीजा हैं। इस गिरफ्तारी में वीडियो ब्लैकमेलिंग, शारीरिक शोषण और हथियारों से डराने-धमकाने के काले कारनामे भी उजागर हुए हैं। पुलिस ने इस पूरे गिरोह को फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर पकड़ा।

कौन हैं चाचा-भतीजा और क्या है उन पर आरोप

भोपाल पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चाचा-भतीजा का नाम यासिन उर्फ मिंटू और शावर है। यह दोनों क्लब और पार्टियों में आने वाली लड़कियों और युवकों को एमडी ड्रग्स को वजन घटाने की दवा बताकर फंसा लेते थे और उन्हें नशे का आदी बना देते थे। नशा देकर लड़कियों के साथ शारीरिक शोषण किया जाता था और फिर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया जाता था। यासिन की गिरफ्तारी के समय उसके मोबाइल से कई महिलाओं और लड़कियों के शोषण के वीडियो बरामद हुए हैं। इसके अलावा कई ऐसे वीडियो भी मिले हैं जिनमें वह युवकों को बंद कर मारपीट करता दिख रहा है।

कैसे हुई आरोपियों की गिरफ्तारी

18 जुलाई को भोपाल पुलिस ने सैफुद्दीन और शाहरुख नाम के दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया था जो शहर के क्लबों और पार्टियों में एमडी पाउडर सप्लाई करते थे। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि क्लब, पार्टी और जिम में फिटनेस और पार्टी कल्चर के नाम पर युवाओं को नशे का आदी बनाया जाता था। लड़कियों को मुफ्त में ड्रग देकर उन्हें पार्टी की सेंटर ऑफ अट्रैक्शन बनाया जाता था और फिर उनका शोषण किया जाता था। पुलिस ने उनके पास से 15 ग्राम एमडी ड्रग भी बरामद की थी।

MD Drugs Smuggling: ड्रग्स, हथियार और ब्लैकमेलिंग, भोपाल में चाचा-भतीजा के गिरोह का सनसनीखेज खुलासा

इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को चाचा-भतीजा गैंग की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने फिल्मी अंदाज में ऑपरेशन चलाकर मंगलवार को यासिन और शावर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय यासिन ने भागने की कोशिश की और अपनी स्कॉर्पियो से दो कारों को टक्कर मारी। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश कर 5 दिन की रिमांड पर लिया। उनके पास से जो गाड़ी बरामद हुई उसमें विधानसभा पास और प्रेस लिखा हुआ था, जिससे वे अपने काम को छुपाकर पुलिस से बचने की कोशिश करते थे।

पुलिस कर रही है पूरे नेटवर्क की जांच, कई राज उजागर होने की उम्मीद

पुलिस ने यासिन उर्फ मिंटू के पास से 1.05 ग्राम एमडी ड्रग, पिस्टल और स्कॉर्पियो कार जब्त की है। वहीं, शावर के पास से 2.052 ग्राम एमडी ड्रग और एक बीई 6 महिंद्रा कार बरामद की गई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों को 5 दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है ताकि इस ड्रग्स और शोषण के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी प्राप्त की जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से जुड़े कई और चेहरों का पर्दाफाश जल्द होगा और भोपाल में युवाओं को नशे के जाल में फंसाने का यह धंधा खत्म करने में मदद मिलेगी।