मंत्री प्रहलाद पटेल बोले- लोगों को सरकार से भीख मांगने की आदत पड़ गई

Author Picture
By Desk Input Published On: March 2, 2025
government

राजगढ़। मध्य प्रदेश के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने राजगढ़ के सुठलिया में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि अब लोगों को सरकार से भीख मांगने की आदत बन गई है। जब नेता जनता से मिलने आते हैं, तो उन्हें केवल कागज की एक टोकरी ही मिलती है। मंच पर माला पहनाई जाती है और पत्र थमा दिए जाते हैं, यह आदत सही नहीं है।

उन्होंने आगे कहा, “आपको लेने की बजाय देने का मन बनाना चाहिए। मैं दावा करता हूं कि अगर आप ऐसा करेंगे तो न केवल आप सुखी होंगे, बल्कि एक संस्कारवान समाज की भी स्थापना कर पाएंगे। भिखारियों की सेना इकट्ठा करना समाज को मजबूत नहीं, बल्कि कमजोर करने का काम है।” मंत्री प्रहलाद पटेल वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा के अनावरण के लिए वहां पहुंचे थे।

जनता के मांग पत्रों को भिक्षाटन करार देते हुए मंत्री ने कहा, “अपने बच्चों को संभाल कर रखें। उन्हें नशे से दूर रखने के लिए भिक्षा दीजिए, ताकि उनका चरित्र सही रहे। किसी की नकल करके धन कमाने के पागलपन में न पड़ें। अगर आपके भीतर संस्कार और चरित्र होगा, और व्यसन से दूर रहेंगे, तो आप खुद ताकतवर बनेंगे।”

उन्होंने अपनी नर्मदा परिक्रमा का उदाहरण देते हुए कहा, “मैं नर्मदा परिक्रमा करने वाला हूं, इसलिए भिक्षा मांग सकता हूं। मुझे भिक्षा दीजिए कि युवा नशे से दूर रहें और उनका चरित्र मजबूत हो।”

मंत्री ने समाज से अपील की कि अगर आपको अमीर बनना है, तो या तो मेहनत से कमाएं या खर्च कम करें। आजकल फैशन बन गया है कि लोग कमाने से ज्यादा खर्च करते हैं। जो समाज अपनी मेहनत की कमाई को जरूरतमंदों में बांटता है, वही समाज सबसे समृद्ध होता है।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ऐसे लोग चाहिए जो व्यसन से दूर रहने का संकल्प लें। अगर कोई ऐसा कार्यक्रम आयोजित करता है, जिसमें 200 लोग इस संकल्प के साथ शामिल हों, तो वह उन्हें खुशी से शामिल करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा देश उनकी समाज है और वे एक परिवार के रूप में काम करते हैं।

यह भी पढ़िए : धर्म विरोधी हैं दिग्विजय सिंह, मिर्ची बाबा ने कांग्रेस नेता पर उठाए सवाल