परिवार सशक्त नहीं होंगे, तब तक हम राष्ट्र को सशक्त नहीं बना पाएंगे- मल्लिका नड्डा

Author Picture
By Sharma Published On: August 6, 2024

नई दिल्ली: नई दिल्ली के न्यू महाराष्ट्र सदन में विश्व मांगल्य सभा के जन प्रतिनिधि परिवार संपर्क विभाग द्वारा मातृ सम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के रूप में भारत के उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ की धर्मपत्नी डॉ. सुदेश जगदीप धनखड़ और मल्लिका जगत प्रकाश नड्डा उपस्थित रहीं।

समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की धर्मपत्नी मल्लिका जगत प्रकाश नड्डा ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने वर्तमान समय में विश्व मांगल्य सभा के कार्यों की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि जब तक हमारे परिवार सशक्त नहीं होंगे, तब तक हम राष्ट्र को सशक्त नहीं बना पाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर विश्व मांगल्य सभा की राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. बृषाली जोशी, राष्ट्रीय परामर्शदाता प्रशांत हरतालकर, अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख शुभांगी सुनील मेंढे, उत्तर भारत संयोजिका अनुराधा कृष्णपाल सिंह यादव और दिल्ली प्रांत अध्यक्ष सुरभि मनोज तिवारी उपस्थित थीं। इसके अलावा, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, खेल एवं युवक कल्याण राज्य मंत्री रक्षा खडसे और अन्य महत्वपूर्ण अतिथियों की उपस्थिति भी रही।

इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से आई महिला जनप्रतिनिधि, सांसदों की पत्नियाँ और अन्य विशिष्ट अतिथि भी शामिल हुए, जिनमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, झारखंड, हरियाणा जैसे राज्यों से सम्मिलित महिलाएँ उपस्थित थीं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रांतों में नवीन दायित्वों की भी घोषणा की गई। इनमें मध्य भारत प्रांत संयोजिका डॉ. प्रवीण शरदेंदू तिवारी, मालवा प्रांत संयोजिका जयश्री ज्ञानेश्वर पाटिल, महाकौशल प्रांत संयोजिका डॉ. निवेदिता रत्नाकर खटीक, महाराष्ट्र में विदर्भ प्रांत संयोजिका अपर्णा कुटे, उत्तर महाराष्ट्र प्रांत संयोजिका धनश्री सुजय विखे पाटिल, मुंबई से नीता प्रसाद लाड, राजस्थान प्रांत संयोजिका जसकौर मीना, उत्तर प्रदेश संयोजिका अनुराधा भोला सिंह, पश्चिम बंगाल संयोजिका श्रीमती अर्पिता जगन्नाथ सरकार और दिल्ली प्रांत संयोजिका निधि गुप्ता के नाम शामिल हैं।