MP के कर्मचारियों ने की दीपावली से पहले महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग

Author Picture
By Desk Input Published On: October 24, 2024

भोपाल।  भारत सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 50 से बढ़ाकर 53 प्रतिशत करने से प्रदेश सरकार पर भी महंगाई भत्ते में वृद्धि को लेकर दबाव बनने लगा है। कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने उप मुख्यमंत्री वित्त जगदीश देवड़ा से भेंट कर सात प्रतिशत महंगाई भत्ता दीपावली के पहले बढ़ाने की मांग की।

इस पर उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति को देखते हुए विभागीय अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा। भारतीय मजदूर संघ और राज्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश के कर्मचारियों को अभी 46 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है।

जबकि, अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को जनवरी 2024 से 50 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है। भारत सरकार द्वारा तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने से अंतर सात प्रतिशत का हो गया है। कर्मचारी संगठन इसका विरोध कर रहे हैं।

दीपावली के पहले वृद्धि के संबंध में निर्णय लिया जाए। इस पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों को लेकर सदैव संवेदनशील रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा करेंगे और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।