MP News: सिंगरौली में किशोर हत्या के बाद थाने पर हुई भीड़ ने हिंसक हमला किया

Author Picture
By Input Published On: March 12, 2026
MP News: सिंगरौली में किशोर हत्या के बाद थाने पर हुई भीड़ ने हिंसक हमला किया

MP News: सिंगरौली जिले में 15 वर्षीय किशोर पवन शाह की निर्मम हत्या के बाद बुधवार रात माहौल हिंसक हो गया। आक्रोशित भीड़ ने मोरवा थाने पर हमला कर जमकर पत्थरबाजी की और पुलिस वाहनों को निशाना बनाया। स्थिति काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने के साथ लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने पेट्रोल बम भी फेंके। रात करीब 10 बजे गुस्साई भीड़ ने पंकज गुप्ता के घर के बाहर खड़ी कार में आग लगा दी। पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

हत्या का मामला और आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, साईंनगर निवासी 15 वर्षीय पवन शाह को उसके ही परिचित सुधांशु गुप्ता और इरशाद खान शराब पिलाने के बहाने सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उन्होंने पवन का गला दबाकर और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पवन 9 मार्च से लापता था। बुधवार को उसका क्षत-विक्षत शव एक सूने घर में मिला, जिससे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश फैल गया। हत्या के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

शव को काली पन्नी में छिपाकर मिटाने की साजिश

जांच में पता चला कि आरोपितों ने हत्या के बाद शव को काली प्लास्टिक की पन्नी में लपेटकर छिपा दिया। उनका इरादा था कि रात के अंधेरे में शव को जंगल में ले जाकर जला दें, ताकि वारदात का कोई सुराग न मिले। हालांकि पुलिस ने पहले ही शव को बरामद कर साजिश का खुलासा कर दिया। यह घटना इलाके में खौफ और सनसनी फैला गई है।

होली विवाद और रंजिश के कारण हत्या

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होली के दिन पवन का इरशाद, सुधांशु और पंकज से रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। बाद में समझौता हुआ, लेकिन आरोपितों के मन में रंजिश बनी रही। इसके चलते उन्होंने पवन को पार्टी के बहाने बुलाया और मौका पाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक के परिजनों का दावा है कि विवाद रंग लगाने को लेकर नहीं, बल्कि अवैध शराब बिक्री को लेकर हुआ था। इरशाद एक अवैध शराब दुकान में काम करता था और इसी बात पर कहासुनी के बाद पवन की हत्या की गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई कर रही है।