MP News: दोस्ती ने लिया खौफनाक मोड़, ईर्ष्या में डूबी युवती ने कर दिया तेजाब से हमला

Author Picture
By Sharma Published On: July 2, 2025
MP News: दोस्ती ने लिया खौफनाक मोड़, ईर्ष्या में डूबी युवती ने कर दिया तेजाब से हमला

MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जहाँ एक युवती ने अपनी ही सबसे अच्छी दोस्त पर एसिड फेंक दिया। वजह थी – उसकी खूबसूरती, लग्जरी लाइफस्टाइल और एक लड़के को लेकर चल रहा विवाद। 23 वर्षीय श्रद्धा दास और 21 वर्षीय ईशिता साहू कभी गहरी दोस्त थीं लेकिन पिछले दो महीनों से दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी।

गूगल पर ढूंढा चेहरा बिगाड़ने का तरीका: 15 दिन तक रची साजिश

ईशिता ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए करीब 15 दिन तक योजना बनाई। वह लगातार इंटरनेट पर ऐसे तरीके खोजती रही जिससे किसी का चेहरा बिगाड़ा जा सके। अंत में उसे एसिड अटैक का आइडिया मिला। इसके लिए उसने अपने जानकार अंश शर्मा की मदद से फर्जी कॉलेज लेटरहेड और सील बनवाकर एसिड खरीदा।

MP News: दोस्ती ने लिया खौफनाक मोड़, ईर्ष्या में डूबी युवती ने कर दिया तेजाब से हमला

दोस्ती के नाम पर बुलाया बाहर और फेंका तेजाब

घटना वाले दिन ईशिता श्रद्धा को “सरप्राइज” देने के बहाने घर से बाहर बुलाना चाहती थी। जब श्रद्धा ने मना किया तो वह खुद उसके घर पहुंच गई और ज़बरदस्ती उसे बाहर चलने को कहा। जैसे ही श्रद्धा घर से बाहर निकली, ईशिता ने एसिड की शीशी निकालकर उसके चेहरे पर फेंक दी। श्रद्धा का चेहरा 50% तक जल गया और वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों का कहना है कि अगले 72 घंटे बेहद नाजुक हैं।

मानसिक रूप से परेशान थी ईशिता: माँ ने बताई चौंकाने वाली बातें

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ईशिता पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में थी। उसकी माँ सरिता साहू ने बताया कि वह दिनभर मोबाइल में उलझी रहती थी और बात-बात पर धमकी देती थी कि खुद को नुकसान पहुँचा लेगी। यहाँ तक कि उसने अपनी माँ को भी जान से मारने की धमकी दी थी। पिता की मानसिक हालत भी ठीक नहीं है, जिससे पूरा परिवार तनाव में था।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी: सोशल मीडिया की लत भी वजह?

गोरखपुर डिवीजन के सीएसपी एमडी नागौतिया ने बताया कि मुख्य आरोपी ईशिता साहू और उसके साथी अंश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या सोशल मीडिया, आत्मग्लानि और आत्म-सम्मान से जुड़ी दिक्कतें इस अपराध की वजह बनीं। फिलहाल यह घटना समाज के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा करती है – क्या हम युवा पीढ़ी की मानसिक स्थिति पर ध्यान दे रहे हैं?