MP News: तेज रफ्तार शताब्दी पर दोहरी मार, पथराव से हिल गया सफर, शीशे टूटे और थम गई ट्रेन

Author Picture
By Sharma Published On: June 12, 2025
MP News: तेज रफ्तार शताब्दी पर दोहरी मार, पथराव से हिल गया सफर, शीशे टूटे और थम गई ट्रेन

MP News: बुधवार को भोपाल से दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर रास्ते में दो बार पथराव हुआ जिससे कोच का शीशा टूट गया। पहली घटना दतिया के पास हुई जहां कुछ अज्ञात लोगों ने चलती ट्रेन पर पत्थर फेंके। दूसरी घटना तब हुई जब ट्रेन ग्वालियर स्टेशन पर पहुंची। इस हमले से यात्रियों में दहशत फैल गई।

ग्वालियर स्टेशन पर ट्रेन को रोकना पड़ा

पथराव के कारण ट्रेन संख्या 12001 के सी3 कोच का शीशा पूरी तरह टूट गया। पथराव इतनी जोर से हुआ कि यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई लेकिन किसी को चोट नहीं आई। घटना के बाद शताब्दी एक्सप्रेस को ग्वालियर स्टेशन पर रोका गया। यात्रियों ने बताया कि उन्हें काफी डर लगने लगा था और ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई थी।

MP News: तेज रफ्तार शताब्दी पर दोहरी मार, पथराव से हिल गया सफर, शीशे टूटे और थम गई ट्रेन

घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों से पूछताछ शुरू की। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि पत्थर फेंकने वाले कौन थे और उनका मकसद क्या था। अधिकारियों ने कहा कि आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि दोषियों की पहचान की जा सके।

बिहार में वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी हुआ हमला

कुछ दिन पहले बिहार के भागलपुर जिले में भी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई थी। यह हमला रविवार शाम टेकानी रेलवे स्टेशन के पास हुआ। इसमें सी7 कोच की सीट नंबर 42 और 43 की खिड़कियों के शीशे टूट गए। यात्रियों को इस हमले में कोई चोट नहीं लगी लेकिन ट्रेन की गति कुछ समय के लिए कम कर दी गई।

बार-बार हो रही इन घटनाओं से रेलवे प्रशासन चिंतित है। चाहे वह शताब्दी हो या वंदे भारत जैसी हाई स्पीड ट्रेनें अब असुरक्षित महसूस की जा रही हैं। रेलवे विभाग ने इन घटनाओं की गंभीरता को समझते हुए सुरक्षा के इंतजामों को और मजबूत करने का फैसला लिया है। अब स्टेशनों के आसपास गश्त और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाएगी ताकि इस तरह की घटनाओं पर काबू पाया जा सके।