MP News: मध्य प्रदेश के गांव में तेंदुए ने किया हमला, 15 बकरियां मरी और युवक घायल

Author Picture
By Input Published On: February 21, 2026
MP News: मध्य प्रदेश के गांव में तेंदुए ने किया हमला, 15 बकरियां मरी और युवक घायल

MP News: मध्य प्रदेश के मौगंज जिले के हनुमान फॉरेस्ट रेंज के ग्राम पंचायत लोढ़ी के बंडोगावा गांव में शुक्रवार की देर रात खौफनाक दृश्य देखने को मिला। एक तेंदुआ अचानक गांव के आवासीय क्षेत्र में घुस गया और मिट्टी के घर के बाड़े में बंधी 15 बकरियों को मार डाला। घटना के समय एक युवक ने बकरियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुए ने उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया।

देर रात हुई वारदात, ग्रामीणों में फैली दहशत

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मिश्रि लाल कोल का परिवार रात में सो रहा था। तेंदुआ घर की दीवार पार कर मिट्टी की छत को तोड़ते हुए अंदर बाड़े तक पहुंचा। बकरियों की चीख सुनकर मिश्रि लाल का बेटा बाबूलाल कोल बाहर निकला। जैसे ही उसने बकरियों को बचाने का प्रयास किया, तेंदुआ उस पर झपट्टा मारकर हमला कर दिया। बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में 15 बकरियां वहीं मृत हो गईं।

MP News: मध्य प्रदेश के गांव में तेंदुए ने किया हमला, 15 बकरियां मरी और युवक घायल

वन विभाग ने की जांच, गांव में जारी सतर्कता

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन रेंज अधिकारी नयन तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृत बकरियों का पंचनामा और पोस्टमार्टम पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. गुप्ता की उपस्थिति में कराया गया। घटनास्थल का सर्वेक्षण कर वन विभाग ने स्थिति को गंभीर बताया और ग्रामीणों को रात में अकेले बाहर न निकलने की चेतावनी दी।

ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवार के लिए तुरंत मुआवजे की मांग की, क्योंकि बकरियां उनके जीवनयापन का प्रमुख साधन थीं। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीण अब पूरी तरह सतर्क हैं और रातभर जागकर सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।