MP News: 15 लाख की ज्वेलरी लूट केस में बड़ा ट्विस्ट, महिला ने थाने में किया हाईवोल्टेज ड्रामा

Author Picture
By Input Published On: April 20, 2026
MP News: 15 लाख की ज्वेलरी लूट केस में बड़ा ट्विस्ट, महिला ने थाने में किया हाईवोल्टेज ड्रामा

MP News: ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में 15 लाख रुपये के जेवर लूट के मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब महिला ने थाने में जमकर हंगामा किया। पुलिस के अनुसार महिला ने ब्लिंकिट से ऑनलाइन फिनाइल मंगवाकर थाने में ही मंगाया और आत्महत्या की धमकी देने लगी। उसने फिनाइल की बोतल खोलकर कहा कि वह वहीं अपनी जान दे देगी। स्थिति बिगड़ती देख महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत फिनाइल की बोतल छीन ली और हालात को काबू में किया।

पहले खुद दर्ज कराई थी लूट की शिकायत, पुलिस ने 8 घंटे में खोला राज

मामले की शुरुआत पुरानी छावनी इलाके की रहने वाली शैजू सिकरवार की शिकायत से हुई थी। उसने बताया था कि आईआईएफएल कंपनी से लिए गए 4.66 लाख रुपये के बदले उसने अपने जेवर छुड़ाए थे और उन्हें गोल्ड लोन में गिरवी रखने जा रही थी। इसी दौरान उसके साथ बैग लूट की घटना हुई। पुलिस ने गंभीरता से जांच करते हुए मात्र 8 घंटे में ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया और आरोपितों को पकड़ लिया।

जांच में खुला चौंकाने वाला सच, लूट की साजिश खुद महिला ने रची थी

पुलिस जांच में सामने आया कि इस लूट की साजिश किसी बाहरी गिरोह ने नहीं बल्कि महिला ने ही रची थी। इसमें उसका नाबालिग भाई और उसका 19 वर्षीय दोस्त आकाश सेन शामिल थे। दोनों ने मिलकर बैग छीनने की योजना बनाई थी। बाद में गहने बरामद हो गए और पूरा मामला साजिश का निकला। जब सच्चाई सामने आई तो महिला ने आरोपों से इनकार करते हुए थाने में हंगामा शुरू कर दिया।

स्कूटी की डिक्की से मिला सुराग, बुर्का और काट सेट से खुली योजना

जांच के दौरान पुलिस को स्कूटी की डिक्की से बुर्का और काट सेट भी मिला। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे इन्हीं कपड़ों का उपयोग करके लूट को अंजाम देने वाले थे ताकि किसी को शक न हो। लेकिन समय की कमी के कारण वे योजना को पूरी तरह लागू नहीं कर सके। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग को बाल कल्याण समिति और 19 वर्षीय युवक को जिला न्यायालय में पेश किया है जबकि महिला की भूमिका की जांच जारी है।