MP News: जबलपुर के फनिंगो एडवेंचर पार्क में भीषण आग, युवक का जला हुआ कंकाल मिला

Author Picture
By Input Published On: March 26, 2026
MP News: जबलपुर के फनिंगो एडवेंचर पार्क में भीषण आग, युवक का जला हुआ कंकाल मिला

MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरगी थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर-नागपुर हाईवे स्थित मानेगांव में बने फ़निंगो एडवेंचर एरीना के फन गेम जोन में भयंकर आग लग गई। घटना के दौरान अंदर मौजूद लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आग इतनी तेज थी कि पूरा गेम जोन देखते ही देखते आग की चपेट में आ गया।

युवक की दर्दनाक मौत, जले हुए अवशेषों में मिला कंकाल

आग की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भयंकर थी कि युवक का शव पूरी तरह जलकर कंकाल में बदल गया और उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। प्रारंभिक जांच में दमकल टीम ने जनहानि की जानकारी नहीं दी थी, लेकिन पुलिस द्वारा देर रात दोबारा सर्च ऑपरेशन के दौरान जले हुए नर कंकाल बरामद हुआ। मृतक की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।

तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां और पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग शांत होने के बाद फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि आग वेल्डिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

फन पार्क को पहुंचा भारी नुकसान, तकनीकी जांच जारी

फ़निंगो एडवेंचर एरीना स्थानीय स्तर पर परिवारों के लिए प्रमुख डेस्टिनेशन के रूप में जाना जाता है। यहां 50 से अधिक एडवेंचर और खेलकूद गतिविधियां संचालित होती हैं। हादसे के कारण पार्क को भारी नुकसान हुआ और करोड़ों रुपये की क्षति होने की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी बरगी नीलेश दोहरे ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच और सर्च ऑपरेशन जारी हैं। जिम्मेदारों और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।