MP News: देवास में भीषण आग से 12 झोपड़ियां जलकर राख, 9 लाख नकदी नष्ट

Author Picture
By Input Published On: April 27, 2026
MP News: देवास में भीषण आग से 12 झोपड़ियां जलकर राख, 9 लाख नकदी नष्ट

MP News: मध्य प्रदेश के देवास जिले में नेवरीफाटा के पास अचानक लगी भीषण आग ने एक गरीब परिवार की पूरी जिंदगी की कमाई को पल भर में राख कर दिया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते 12 से अधिक झोपड़ियां जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार आग का फैलाव इतना तेज था कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

फेरीवाले बाबूलाल नाथ की 9 लाख की नकदी और जेवर जले

इस हादसे में सबसे बड़ा नुकसान फेरी का काम करने वाले बाबूलाल नाथ को हुआ है। उनकी करीब 9 लाख रुपये की नकदी आग में जलकर राख हो गई, साथ ही घर में रखे चांदी के जेवर भी पिघल गए। हालांकि बाबूलाल ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी पत्नी और तीन बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

दमकल देरी से पहुंची, ग्रामीणों में नाराजगी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने की सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक सभी झोपड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं और बचाने के लिए कुछ भी नहीं बचा था। दमकल गाड़ियों की देरी को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने खुद पानी और संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की।

तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

जानकारी के अनुसार आग इंदौर-भोपाल राज्य मार्ग के पास खाटू श्याम मंदिर के पीछे खेत में लगी थी, जो फैलकर झोपड़ियों तक पहुंच गई। देवास और सोनकच्छ से पहुंची चार से अधिक दमकल गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खत्म हो चुका था, जिससे पीड़ित परिवार पूरी तरह बेघर हो गया।