MP News: सिविल लाइन क्षेत्र में गैस सिलेंडर फटने से लोगों में मच गया दहशत का माहौल

Author Picture
By Input Published On: March 26, 2026
MP News: सिविल लाइन क्षेत्र में गैस सिलेंडर फटने से लोगों में मच गया दहशत का माहौल

MP News: छिंदवाड़ा जिले के पांढुर्णा में सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार रात सिलिंडर विस्फोट ने भारी तबाही मचाई। सिविल अस्पताल के पास रात करीब 10 बजे हुए इस हादसे में दो गैस सिलिंडरों में धमाके हुए। इसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से फैलने लगी। तीन मकान लक्ष्मण बिनझड़े, लाजवंती मोहबे और ललिता हापसे के पूर्णतः जलकर खाक हो गए। स्थानीय लोग अचानक हुई धमाकों और आग की चपेट से सहम गए।

धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिलिंडर फटने के बाद आग ने पास के दो अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। धमाकों की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए। आग इतनी तेजी से फैली कि पड़ोसी भी मदद के लिए दौड़े, लेकिन आग की लपटें देखते ही रोक गई। आसपास के इलाके में भय का माहौल पैदा हो गया और लोग खुद को सुरक्षित स्थानों पर ले गए।

पीड़ित परिवारों का सामान जलकर हुआ नष्ट

पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि वे अपने घर का कोई सामान भी नहीं निकाल सके। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, अनाज और अन्य जरूरी सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई। साथ ही एक स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गई। हालांकि, समय रहते बाहर निकलने से कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित रहे।

दमकल ने 40 मिनट में आग पर पाया काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए बिजली कंपनी ने एहतियातन आधे शहर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। इससे राहत कार्य में आसानी हुई और दमकल कर्मियों को सुरक्षित वातावरण मिला। अब पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं और सिलिंडरों के विस्फोट की वजह तलाश रहे हैं।