MP News: रेलवे में शिकायत करने की सज़ा! रेल मंत्री से शिकायत करना पड़ा महंगा, ट्रेन में ही वेंडरों ने कर दी पिटाई

Author Picture
By Sharma Published On: July 20, 2025
MP News: रेलवे में शिकायत करने की सज़ा! रेल मंत्री से शिकायत करना पड़ा महंगा, ट्रेन में ही वेंडरों ने कर दी पिटाई

MP News: रेलवे यात्रा के दौरान सुविधाओं को लेकर शिकायत करना आम बात है लेकिन अगर वही शिकायत आपकी जान पर बन आए तो यह देश की व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। 11463 सौराष्ट्र एक्सप्रेस में एक यात्री ने जब खराब खाने और पानी की बोतल के अधिक दाम वसूले जाने की शिकायत X (पूर्व ट्विटर) पर रेल मंत्री को टैग कर दी तो किसी को नहीं पता था कि यह शिकायत उसकी पिटाई की वजह बन जाएगी।

यात्रियों के बीच हुआ हमला

रात के समय जब ट्रेन रतलाम से वडोदरा की ओर बढ़ रही थी तभी चार से पांच वेंडर एक जैसे कपड़े पहनकर यात्री के पास पहुंचे और बिना कुछ कहे उसे पीटना शुरू कर दिया। हमला इस कदर था कि आसपास बैठे यात्रियों को बीच-बचाव करना पड़ा और इस पूरे घटना का वीडियो भी बनाया गया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

इस वीडियो को X पर दिव्या गौरव त्रिपाठी नाम की महिला ने साझा किया और रेल मंत्रालय पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा कि शिकायत करने पर रेल सेवा ने ही अपने गुंडों से यात्री को पिटवाया है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से पूछा कि क्या अब तक इन गुंडों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई है या नहीं।

रेलवे और IRCTC की प्रतिक्रिया

जैसे ही मामला सामने आया तो जबलपुर मंडल और IRCTC ने वडोदरा मंडल को पत्र लिखकर संबंधित वेंडरों की पहचान कर एफआईआर दर्ज करने को कहा। रेलवे का कहना है कि दोषी वेंडरों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और मामले की जांच जारी है। इस पूरे घटनाक्रम ने रेलवे में चल रही गड़बड़ियों और खानपान वेंडरों की मनमानी को उजागर कर दिया है।

क्या अब सुरक्षित है रेल यात्रा

इस घटना ने पूरे देश को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि अगर रेल मंत्री से शिकायत करना भी खतरे से खाली नहीं है तो आम यात्री कैसे अपने अधिकारों का इस्तेमाल करेगा। अब सवाल सिर्फ वेंडरों की गिरफ्तारी का नहीं बल्कि रेलवे की जवाबदेही का है। जनता मांग कर रही है कि कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई भी यात्री डर के बिना अपनी शिकायत कर सके।