MP News: मुख्‍यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवान ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी की

Author Picture
By Sharma Published On: June 30, 2021
mp news bhopal cm security guard suicide
MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी में मंगलवारा इलाके में रहने वाले एक सिपाही ने बुधवार सुबह अपने घर में खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। वह मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात था। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी इरशाद वली सहित अन्य आला अफसर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।  एएसपी जोन-तीन रामसनेही मिश्रा ने बताया कि मूलत: विदिशा निवासी 30 वर्षीय अजयपाल सिंह सेंगर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात थे। वह मंगलवारा थाना इलाके के पटेल नगर में पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। वर्तमान में पत्नी, बेटी को लेकर अपने मायके गई हुई है।
बुधवार सुबह अजयपाल ने पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सिपाही द्वारा गोली मारकर खुदकुशी करने की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। आला अफसर मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। घटना की सूचना अजय के परिवार वालों को दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।