MP News: सागर जिला अस्पताल में आवारा कुत्ते की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

Author Picture
By Input Published On: February 17, 2026
MP News: सागर जिला अस्पताल में आवारा कुत्ते की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

MP News: मध्य प्रदेश के सागर जिला अस्पताल में सुरक्षा की लचर व्यवस्था एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। देर रात महिला मेडिसिन वार्ड नंबर-6 में एक आवारा कुत्ता मरीजों के पलंग पर आराम से सोता दिखाई दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही अस्पताल की सुरक्षा और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल इस अस्पताल के प्रभारी मंत्री हैं, लेकिन इस घटना से यह स्पष्ट हो गया कि सुरक्षा को लेकर गंभीर कदम नहीं उठाए गए हैं।

अस्पताल में आवारा कुत्तों की समस्या बढ़ी

बताया जा रहा है कि कुत्ता वार्ड के भीतर काफी देर तक घूमता रहा और मरीजों के पास बैठा रहा। वायरल वीडियो में यह भी दिखा कि कुत्ता एक मरीज के पलंग पर चढ़कर सो गया, जबकि वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे हटाने की कोई कोशिश नहीं की। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब आवारा कुत्तों के काटने और हमले की घटनाओं में तेजी आई है। सागर जिला अस्पताल में ही ऐसे पीड़ित इलाज करवा रहे हैं। इससे अस्पताल में न केवल सुरक्षा बल्कि स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर भी गंभीर सवाल उठते हैं।

MP News: सागर जिला अस्पताल में आवारा कुत्ते की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

स्वास्थ्य मंत्री निरीक्षण के बाद भी कोई सुधार नहीं

स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल कई बार अस्पताल का निरीक्षण कर चुके हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा भी हो चुकी है। इसके बावजूद आवारा जानवर वार्ड में घुसने से नहीं रुके। इससे मरीजों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अस्पताल प्रबंधन ने पहले भी सुरक्षा बढ़ाने की बात कही थी, लेकिन किसी ठोस बदलाव का असर नहीं दिखा। यह घटना अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही की तस्वीर सामने लाती है।

नोटिस और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश

इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. आर.एस. जयंत ने वार्ड बॉय, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा एजेंसी को नोटिस जारी किया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि रात में चेनल गेट बंद रहेंगे और सभी गेट पर चौकीदार तैनात रहेंगे। साथ ही वार्ड में प्रवेश करने वाले लोगों को वार्ड बॉय से अनुमति लेनी होगी। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए और कदम उठाने के आदेश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद अब यह देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।