MP News: ग्वालियर में अनोखी कार चोरी! मालिक ने खुद रची साजिश, बीमा क्लेम के लिए झूठी FIR दर्ज कराई

Author Picture
By Sharma Published On: July 22, 2025
MP News: ग्वालियर में अनोखी कार चोरी! मालिक ने खुद रची साजिश, बीमा क्लेम के लिए झूठी FIR दर्ज कराई

MP News: ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने पुलिस को भी सोचने पर मजबूर कर दिया। यहां के निवासी शिव कुमार शर्मा ने खुद ही अपनी कार छिपाकर चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की। वह कार चोरी की शिकायत करने खुद थाने पहुंचा और साथ में दो गवाह और दस्तावेज भी लेकर आया। उसकी इतनी जल्दीबाजी और तैयारी देखकर पुलिस को शक हुआ और उन्होंने जांच शुरू कर दी।

कर्ज से परेशान युवक ने रची चालाक साजिश

शिव कुमार ने साल 2024 में एक कार खरीदी थी। कुछ समय बाद उस पर करीब 9 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। जब कर्ज चुकाने का कोई रास्ता नहीं दिखा तो उसने अपनी कार को चोरी दिखाने की योजना बनाई ताकि बीमा कंपनी से पैसे मिल सकें। इसके तहत उसने अपनी कार को एक दोस्त के घर के बाहर खड़ा किया और फिर घर लौटकर कार चोरी का ड्रामा शुरू कर दिया।

MP News: ग्वालियर में अनोखी कार चोरी! मालिक ने खुद रची साजिश, बीमा क्लेम के लिए झूठी FIR दर्ज कराई

पुलिस को नहीं पचा ‘चोरी’ का ये ड्रामा

शिव कुमार ने जैसे ही पुरानी छावनी थाना पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई और गवाहों के साथ सबूत भी दिखाए तो पुलिस को मामला कुछ गड़बड़ लगा। उन्होंने घटनास्थल पर जांच की लेकिन वहां चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस का शक गहराया और शिव कुमार से सख्ती से पूछताछ की गई।

 पूछताछ में उगला सारा सच, पुलिस ने की कार जब्त

जैसे ही पुलिस ने गहराई से सवाल किए तो शिव कुमार टूट गया और उसने खुद अपनी कार चोरी दिखाने की बात स्वीकार कर ली। उसने यह भी बताया कि बीमा कंपनी से क्लेम लेकर कर्ज चुकाने का इरादा था। पुलिस ने उसकी कार को जब्त कर लिया है और अब उसके खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

सबक बन गया ये मामला, अब होगा कानूनी अंजाम

इस घटना से एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि झूठ बोलकर बीमा लेने की कोशिश कानूनन अपराध है। पुलिस ने शिव कुमार शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ये मामला न केवल बीमा धोखाधड़ी का है बल्कि पुलिस प्रशासन को गुमराह करने का भी गंभीर प्रयास है।