MP News : वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने के 45 मिनट बाद महिला की मौत

Author Picture
By Sharma Published On: July 5, 2021
vaccine 2nd dose women died

गुना। प्रदेश में कोरोना वैक्सिनेशन तेजी से चल रहा है। रोजाना हजारों लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा रही है। वहीं प्रदेश के गुना जिले में एक महिला की वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के 45 मिनट बाद मौत हो गई। महिला उसके बेटे को रास्ते में बदहवास हालत में मिली। महिला को पहले वैक्सिनेशन सेंटर ले जाया गया, जहां से महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर्स ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला के बेटे ने वैक्सिनेशन में लापरवाही का आरोप लगाया है। दरअसल गुना शहर की नजूल कॉलोनी में रहने वाली 83 वर्ष की महिला सोमवार सुबह 11:30 से 11:45 के बीच आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा धाकड़ के साथ वैक्सिनेशन सेंटर पर पहुंची थी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीमा ने ही महिला का अपने मोबाइल से वैक्सीन का रजिस्ट्रेशन किया था।

रास्ते में छोड़कर भागी कार्यकर्ता
इसके बाद सीमा के साथ महिला शांतिबाई को लेकर सरस्वती शिशु मंदिर स्थित टीकाकरण केंद्र पहुंची थी। यहां नर्स रीमा द्वारा सुबह 11:56 पर शांतिबाई को कोवीशील्ड का दूसरा डोज लगाया गया। वैक्सीन लगवाने के बाद महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के साथ अपने घर की तरफ वापस आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में महिला की तबीयत बिगड़ गई। महिला की तबियत बिगड़ने के बाद कार्यकर्ता उसे रास्ते में ही छोड़कर चली गई। वहीं महिला का बेटा अस्पताल की तरफ जा रहा था।

इसी दौरान उसे अपनी मां रास्ते में बदहवास हालात में मिली। इसके बाद महिला को वैक्सिनेशन सेंटर ले जाया गया। जहां से महिला को जिला अस्पताल में रवाना कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टर्स ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला के बेटे ने वैक्सिनेशन में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वहीं मामला प्रशासन में आने के बाद पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टर्स की कमेटी बना दी गई है। साथ ही महिला के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी की जाएगी।