MP Weather: ग्वालियर से रीवा तक मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, तेज हवाओं का खतरा

Author Picture
By Input Published On: March 25, 2026
MP Weather: ग्वालियर से रीवा तक मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, तेज हवाओं का खतरा

MP Weather: मध्यप्रदेश में इस समय मौसम ने दो रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में पिछले 24 घंटों में पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल और मई में तापमान और भी अधिक बढ़ सकता है। वहीं प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में नए मौसमी सिस्टम सक्रिय होने के कारण बादल छाए हुए हैं। इस वजह से ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में अगले कुछ दिनों में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 27 और 28 मार्च को लेकर कई संभागों में चेतावनी भी जारी कर दी है।

अगले दो दिन आंधी और हल्की बारिश के आसार

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पहला सिस्टम 26 मार्च को उत्तर-पश्चिमी भारत में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस के रूप में सक्रिय हो रहा है। इसका असर ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभागों में अगले दो दिनों तक देखा जा सकता है। दूसरा सिस्टम 28 मार्च को एक और पश्चिमी विक्षोभ के रूप में सक्रिय हो सकता है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में 27 और 28 मार्च को आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम के मिजाज में यह बदलाव मार्च के पिछले 10 सालों के आंकड़ों से अलग नजर आ रहा है। इस महीने स्ट्रॉन्ग सिस्टम की वजह से लगातार तीन दिनों तक ओले गिर चुके हैं।

सबसे गर्म और सबसे ठंडे जिले

साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन की वजह से प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग बना हुआ है। प्रदेश में बीते दिन सर्वाधिक अधिकतम तापमान रायसेन में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल में अधिकतम तापमान 34.4°C और न्यूनतम 17.8°C दर्ज किया गया। इंदौर में अधिकतम 35.0°C और न्यूनतम 17.4°C रहा। जबलपुर में अधिकतम 35.6°C और न्यूनतम 19.4°C, ग्वालियर में अधिकतम 33.5°C और न्यूनतम 17.1°C और उज्जैन में अधिकतम 35.8°C तथा न्यूनतम 16.8°C दर्ज किया गया।

जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 26 मार्च को ग्वालियर, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज और सीधी में बारिश के आसार हैं। 27 मार्च को पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, अनूपपुर और शहडोल में बारिश की संभावना बनी हुई है। विशेषज्ञों ने जनता से आगाह किया है कि इस दौरान तेज हवाओं और आंधी के कारण सावधानी बरती जाए। साथ ही गर्मी और नमी के मिश्रण से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। प्रदेशवासियों को इस समय मौसम की अपडेट लगातार देखने की जरूरत है।