कूड़े में पड़ी मिली नवजात बच्ची, गले पर धारदार हथियार का घाव

Author Picture
By Desk Input Published On: January 12, 2025

राजगढ़। जिला स्थित पचोर कस्बे में शनिवार को एक नवजात कूड़े के ढेर पर मिली। खून से लथपथ बच्ची का गला कटा हुआ था। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। पचोर थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, रोने की आवाज सुनकर राहगीरों ने बच्ची को देखा। सूचना मिलने पर पुलिस ने बच्ची को सिविल अस्पताल पहुंचाया। सिविल सर्जन डॉ. पीएस परमार ने बताया कि नवजात बच्ची के गले पर धारदार हथियार से घाव था। बच्ची एक से दो दिन की है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

राजगढ़ की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिया ने शाम को बताया कि बच्ची को बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए भोपाल ले जाया जा रहा है। इंस्पेक्टर वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अपराधियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

दमोह में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म
एक अन्य वारदात में मध्य प्रदेश के दमोह जिले में जन्मदिन की पार्टी में जा रही 12 वर्षीय लड़की के साथ तीन लोगों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। घटना गुरुवार शाम को हुई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। देहात पुलिस थाने के प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि लड़की अपने चचेरे भाई के घर जन्मदिन की पार्टी में जा रही थी, तभी उसके एक परिचित ने उसे कथित तौर पर रोका और अपने दो साथियों के साथ मिलकर जबरन कार में बैठा लिया।

इसके बाद लड़की को तालाब के पास सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की किसी तरह घर पहुंची और अपने परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।