PM ने सतना जिले के किसान को सराहा, अपने खेत में बना रखा देसी म्यूजियम

Author Picture
By Sharma Published On: June 27, 2021

मध्य प्रदेश के सतना के रामलोटन कुशवाह ने अपने खेत में देसी म्यूजिम बना रखा है। इसमें अलग-अलग तरह के औष‍धीय पौधे लगाए गए हैं। 250 से ज्यादा औषधीय पौधों का संग्रहण राम लोटन ने किया है जिसकी तारीफ़ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात में की। प्रधानमंत्री द्वारा रेडियो के माध्यम से मन की बात के द्वारा देशभर के लोगों को नई और रोचक जानकारियां भी उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके साथ ही ऐसे लोगों की प्रशंसा भी की जा रही है जो कुछ नया करते रहते हैं। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सतना जिले के पद्मश्री से सम्मानित बाबूलाल दाहिया के नेतृत्व में दुर्लभ जड़ीबूटियों का संरक्षण करने वाले पिथौराबाद नई बस्ती के रामलोटन कुशवाहा की प्रसंसा की। सुबह 11 बजे से हुए इस कार्यक्रम को रेडियो में सतना के अमरपाटन से विधायक व राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल सहित अन्य ने भी सुना।

मध्य प्रदेश के सतना जिले के किसान राम लोटन सब्जियों के देसी बीज और जड़ी-बूटी के संरक्षण में जुटे हैं उनकी बगिया में इस वक्त 250 से ज्यादा औषधीय पौधे हैं। पक्के मकान की एक दीवार पर लटकी कई आकार की सूखी लौकियां और सब्जियों की फलियां अक्सर यहां आने वालों को अपनी तरफ आकर्षित करती हैं। इस मकान और इसके आसपास ऐसा बहुत कुछ और भी है जो लोगों को अपनी तरफ खींच लाता है। दरअसल ये किसान राम लोटन कुशवाहा का देसी म्यूजियम है, जिसमें वो जैव विविधता को सहेज रहे हैं।